पत्नी के चरित्र पर शक में की हत्या, वारदात के तुरंत बाद पति गिरफ्तार

कुम्हारी के महामाया पारा की घटना, पुलिस ने हंसिया बरामद कर आरोपी को भेजा जेल

पत्नी के चरित्र पर शक में की हत्या, वारदात के तुरंत बाद पति गिरफ्तार

दुर्ग। कुम्हारी थाना क्षेत्र के महामाया पारा में पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने वारदात के तुरंत बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (हंसिया) भी बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, रविवार को प्रार्थी ईश्वर यादव ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बड़ा भाई घनश्याम यादव (24) अपनी पत्नी दुर्गा यादव (24) के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर सुबह करीब 8:15 बजे दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि घनश्याम ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त हंसिया बरामद किया। शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।