24 घंटे में घर चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल समेत चोरी का सामान बरामद

24 घंटे में घर चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, मोटरसाइकिल समेत चोरी का सामान बरामद

दुर्ग। उतई थाना पुलिस ने घर में चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए पीतल के बर्तन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, लुमेश कुमार चक्रधारी निवासी आजाद चौक, उतई ने 1 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे अज्ञात चोर उनके घर के पीछे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस गए। चोर पूजा कक्ष से नकदी और पीतल के बर्तन चोरी कर फरार हो गए।

मामला दर्ज होते ही उतई थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (CG 07 LS 4855) बरामद कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों में शुभम कुमार विश्वकर्मा (26) निवासी आजाद चौक उतई, सूर्यकांत उर्फ अमन महार (19) निवासी खदानपारा उतई और लवकुमार साहू (35) निवासी दक्षिण गंगोत्री, सुपेला शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीतल का गंज, पीतल की गुंडी, पीतल की थाली, 2,500 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है और आम नागरिकों की सुरक्षा तथा उनकी संपत्ति की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।