रामकुमार साहू के जन्मदिन पर विशाल रक्तदान शिविर, रक्त मित्रों और सामाजिक संस्थाओं का हुआ सम्मान
भिलाई-चरोदा में रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार साहू के जन्मदिन पर विशाल रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रक्तदाताओं, सामाजिक संस्थाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया तथा समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की गई।


भिलाई। समाजसेवा और रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय संस्था रेड ड्रॉप फ्रेंड्क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार साहू के जन्मदिन के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर एवं सामाजिक संस्थाओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रक्त मित्रों, समाजसेवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। समाज में ऐसे लोगों और संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए, जो निस्वार्थ भाव से मानव सेवा के कार्यों में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर मानव अधिकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र हासवानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सूफी जे. रूमी, अहिवारा विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के संरक्षक एवं ओबीसी पिछड़ा वर्ग मोर्चा की सह प्रभारी तुलसी साहू, समाजसेवी एम.के. साहू, बेनुराम साहू, नेता प्रतिपक्ष खिलावन वर्मा, विधायक प्रतिनिधि दिलीप पटेल, साहू मित्र सभा के अध्यक्ष खेदराम साहू, संगठन सचिव हीराशंकर साहू, ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष कुलवंत सिंह, जिला साहू संघ के अध्यक्ष चंद्रभूषण साहू, भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेमलाल साहू, रेड ड्रॉप के फाउंडर प्रेम किशन साहू और अमित द्विवेदी सहित अनेक अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी और आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता किसी भी समय पड़ सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के लिए किसी जीवनदाता से कम नहीं हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की। समारोह में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारी, शैक्षणिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सभी संगठनों का समन्वित प्रयास आवश्यक है और ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में भाजपा, साहू समाज, सिंधी समाज, पटेल समाज, देवांगन समाज, यादव समाज, मुस्लिम कमेटी, महिला संगठनों, मानवाधिकार संगठनों, पर्यावरण समूहों, पत्रकार संगठनों सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में रक्तदाता, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सामाजिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित के ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।