कुम्हारी खारून ब्रिज पर एक माह का डायवर्सन, 1 से 30 अप्रैल तक बदले रहेंगे रास्ते, पुलिस ने जारी किए रूट प्लान

दुर्ग। कुम्हारी स्थित खारून नदी ब्रिज में मरम्मत कार्य के चलते 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक यातायात डायवर्सन लागू किया जाएगा। यातायात पुलिस दुर्ग ने इसके लिए हल्के, मध्यम और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। इस संबंध में गुरुवार को भिलाई के पुलिस कंट्रोल रूम में बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस, जिला प्रशासन, एनएचएआई और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने मिलकर डायवर्सन प्लान को अंतिम रूप दिया।

पुलिस के अनुसार, दुर्ग से रायपुर जाने वाले हल्के वाहनों को नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग और अमलेश्वर होते हुए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा। वहीं रायपुर से दुर्ग आने वाले वाहन चांदनीडीह और महादेवघाट मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे। भारी वाहनों के लिए समयबद्ध प्रतिबंध भी लगाए गए हैं। कुछ स्थानों पर सुबह और शाम के समय वाहनों को रोका जाएगा, ताकि ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके। निर्माण कार्य के दौरान कुम्हारी ब्रिज पर सिंगल लाइन से आवाजाही होगी। साथ ही 24 घंटे निगरानी, क्रेन की व्यवस्था और डायवर्सन प्वाइंट पर संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

एनएच 53 कुम्हारी खारून नदी ब्रिज मरम्मत कार्य के दौरान भारी मध्यम वाहन का डायवर्सन प्लान
दुर्ग से रायपुर की ओर डायवर्सन
दुर्ग से रायपुरकी ओर प्रस्थान करने वाले भारी वाहन कुम्हारी टोल पारकर दाहिने पुल से होकर खारून नदी ब्रिज से सिंगल लाईन पर आवागमन करेंगे। राजनांदगांव से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को दुर्ग बाई-पास मार्ग पर बाफना टोल प्लाजा के पास प्रातः 08:30 बजे से 10:30 बजे तक रोका जायेगा। भिलाई औद्योगिक क्षेत्र तथा ट्रांसपोर्ट नगर भिलाई से निकलने वाले भारी वाहनों को प्रात: 09 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुम्हारी की ओर जाना निषेध रहेगा। नंदिनी, अहिरवारा, बेरला से रायपुर जाने वाले भारी वाहनों को मुरमुंदा- ओटेबंध-गुधेली पठारीडीह होकर उरला (रिंग रोड नम्बर 04) की ओर प्रस्थान करेंगे।
रायपुर से दुर्ग की ओर डायवर्सन
रायपुर से दुर्ग की ओर प्रस्थान करने वाले भारी वाहन कुम्हारी खारून नदी ब्रिज से सिंगल लाईन पर आवागमन करेंगे। महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मंदिर हसौद के पास सायं 05 बजे से रात्रि 8 बजे तक रोका जाएगा। उरला सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र तथा बिलासपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सायं 05 बजे से रात्रि 08 बजे तक रिंग रोड नम्बर 04 में नंदन वन कटिंग के पास रोका जाएगा। बीएसपी प्लांट से आए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि उक्त मरम्मत कार्य के दौरान प्लांट से रायपुर जाने वाले वाहनों को उतई से सेलुद, फूंडा- मोतीपुर मार्ग का प्रयोग करने कहा गया।

