24 पुलिसकर्मियों का कटा चालान, बिना हेलमेट चलाने पर सख्त कार्रवाई

24 पुलिसकर्मियों का कटा चालान, बिना हेलमेट चलाने पर सख्त कार्रवाई

भिलाई। सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने एक स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून सबके लिए बराबर है, चाहे आम नागरिक हों या खुद पुलिसकर्मी। इसी दिशा में कार्रवाई करते हुए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 24 पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालान किया गया है।

यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह सामने आया कि कुछ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग नहीं कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सभी संबंधित कर्मियों पर चालानी कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में कुल 24 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जिन्हें न सिर्फ चालान किया गया बल्कि भविष्य में नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम यानी आईटीएमएस का भी उपयोग किया जा रहा है। शहर में लगे कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों को ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।