युवक की जान बचाने वाले जनप्रतिनिधि सम्मानित, सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी

भिलाई। एक तरफ जहां आत्महत्या के मामले समाज के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं, वहीं पाटन क्षेत्र से एक राहत भरी खबर सामने आई है। यहां कुछ जनप्रतिनिधियों की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने एक युवक की जान बचा ली। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी विजय अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया है।

मामला 11 अप्रैल 2026 का है। थाना पाटन क्षेत्र के ग्राम खोरपा, वार्ड 14 निवासी 30 वर्षीय रवि ठाकुर ने सिकोला रोड किनारे बबूल की झाड़ियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद जनप्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थिति को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए युवक को फांसी के फंदे से नीचे उतारा, रस्सी काटी और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से युवक की जान बच गई।

इस मानवीय और साहसिक कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने योगेश निक्की भाले, निशा सोनी, केवल देवांगन, जितेंद्र निर्मलकर और चंद्र प्रकाश देवांगन को प्रशस्ति पत्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। पुलिस ने इसे मानव जीवन की रक्षा की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया है। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक ने व्यक्तिगत कारणों के चलते यह कदम उठाया था। फिलहाल उसका इलाज जारी है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
