प्रेम जाल में फंसा कर नाबालिग का अपहरण, दुर्ग पुलिस की फिल्मी अंदाज में कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
एक करोड रुपए की मांगी गई थी फिरौती

भिलाई। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम जाल में फंसा कर एक नाबालिग का अपहरण कर लिया गया। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।

जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी कोई और नहीं बल्कि प्रार्थी का सगा भांजा ही निकला, जिसने भरोसे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने कब्जे में ले लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाई। पुलिस टीम ने फिल्मी स्टाइल में कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जो इस साजिश का हिस्सा थी।
पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है और सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 12.04.2026 को प्रार्थी द्वारा थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका नाबालिग पुत्र को मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक अमलेश्वर में बुलाकर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया। घटना के पश्चात आरोपियों द्वारा मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल थाना अमलेश्वर पुलिस, साइबर सेल एवं एसीसीयू टीम की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच प्रारंभ की गई। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई।
जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन जिला धमतरी क्षेत्र में प्राप्त होने पर धमतरी पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया तथा अपहृत बालक को सकुशल बरामद किया गया।
पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी संजय साहू , जो पीड़ित परिवार का परिचित/भांजा है, द्वारा हेम पुष्पा साहू (महिला आरोपी) के माध्यम से हनीट्रैप की योजना बनाई गई। योजनाबद्ध तरीके से बालक को झांसे में लेकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों द्वारा आर्थिक लाभ/फिरौती प्राप्त करने के उद्देश्य से अपराध करना स्वीकार किया गया।
प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 137(2), 140(3), 351(3), 61 BNS के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है तथा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
▪️ घटना का कारण :
हनीट्रैप के माध्यम से झांसा देकर आर्थिक लाभ/फिरौती प्राप्त करने हेतु योजनाबद्ध अपहरण
▪️ घटनास्थल :
तिरंगा चौक, अमलेश्वर एवं अन्य संबंधित क्षेत्र
▪️ आरोपी का नाम :
1. शैलेन्द्र लहरे, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा रायपुर
2. कृष्णा साहू उर्फ करण, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा (मास्टरमाइंड)
3. रविंद्र लहरें, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी चंगोरा भाटा रायपुर
4. संजय साहू, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी अमलेशवर
5. हेम पुष्पा साहू, उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी चंगोराभाठा क्षेत्र
▪️ जप्त सामग्री :
1. एक चार पहिया वाहन (सेंट्रो कार)
2. 06 नग मोबाइल फोन
