मंदिर चोरी और नशे के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, कार्रवाई की मांग तेज, पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

मंदिर चोरी और नशे के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा, कार्रवाई की मांग तेज, पुलिस से की सख्त कार्रवाई की मांग

भिलाई। शहर के सेक्टर-5 और सेक्टर-6 क्षेत्र में बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक क्रमांक-4 का एक प्रतिनिधिमंडल सक्रिय नजर आया। कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने कोतवाली थाना भिलाई नगर पहुंचकर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा से मुलाकात की और पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

यहां बात सिर्फ एक समस्या की नहीं है। मुद्दे कई हैं और सीधे आम लोगों की सुरक्षा, आस्था और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने सबसे पहले सेक्टर-6 स्थित साईं बाबा मंदिर में हुई चोरी का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले महीने मंदिर से लाखों रुपये के आभूषण और पूजा सामग्री चोरी हो गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है। उनका साफ कहना है कि यह सिर्फ चोरी नहीं, हजारों श्रद्धालुओं की आस्था पर चोट है। इसलिए इस मामले में जल्द कार्रवाई जरूरी है।

इसके अलावा सेक्टर-5 और सेक्टर-6 में खाली पड़े जर्जर बीएसपी भवनों को लेकर भी चिंता जताई गई। इन भवनों में शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है, जहां नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने इन इलाकों में नियमित और सख्त पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की।

खाली मैदानों में भी रात के समय नशे और अवैध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। इस पर भी पुलिस से निगरानी बढ़ाने की बात कही गई।

एक और बड़ा मुद्दा सेक्टर-6 ई मार्केट का सामने आया, जहां खाने-पीने के स्टॉल्स के कारण सड़क पर भीड़ लग जाती है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है और यातायात प्रभावित होता है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से यहां व्यवस्था सुधारने और दुकानदारों पर सख्ती करने की मांग की।

स्कूलों के आसपास पान ठेलों और कथित तौर पर नशे की सामग्री की बिक्री को लेकर भी चिंता जताई गई। नेताओं ने कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा यह मामला बेहद संवेदनशील है, इसलिए स्कूलों के आसपास ऐसे गतिविधियों पर तुरंत रोक लगनी चाहिए और नियमों के अनुसार ही दुकानों को अनुमति दी जाए।

इन सभी मुद्दों पर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

इस प्रतिनिधिमंडल में सौरभ दत्ता, सुमित पवार, तोषु वर्मा, याकूब, सुनील गोयल, सुमित सिंह, सेवन ठाकुर, राहुल शर्मा, अभय कुमार भद्रा, आशीष यादव, अभय प्रताप सिंह, राकेश ठाकुर, दाउलाल चंद्राकर, बी.एम. सिंह, अजय यादव, सतीश सोनकर, संतोष उमरेकर, एस.जे. कुरैशी, सत्यनारायण गुप्ता, डी.पी. सिंह, लक्ष्मीकांत तिवारी, संदीप कोरी, प्रेमनाथ मारकंडे, रंजीत पासवान, जोन्सन एस. बारा, धनुष साहू, महेंद्र सिंह गिल (सन्नी), गौरव साहू, अमित उपाध्याय, अवि साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।