पकड़ा गया भारत का सबसे बड़ा वाहन चोर, 8000 से ज्यादा गाड़ियों की चोरी और 181 मामले दर्ज

पकड़ा गया भारत का सबसे बड़ा वाहन चोर, 8000 से ज्यादा गाड़ियों की चोरी और 181 मामले दर्ज

नई दिल्ली (एजेंसी)। नई दिल्ली की मध्य जिला पुलिस ने भारत के सबसे बड़े वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अनिल चौहान असम का निवासी है। आरोपी ने खुलासा किया कि वह 1990 से अब तक 8000 से ज्यादा वाहन चोरी कर चुका है।
आरोपी के खिलाफ दिल्ली, यूपी, हरियाणा और असम समेत बाकी राज्यों में कुल 181 मामले दर्ज हैं। खासबात यह है कि इसमें से 146 मामले अकेले दिल्ली में ही दर्ज हैं। आरोपी हथियार और गैंडे के सींग की तस्करी भी करता है। वर्ष 2015 में अनिल को असम पुलिस ने तत्कालीन विधायक रूमीनाथ के साथ गिरफ्तार किया था। राजनीतिक पहुंच की वजह से अनिल असम का क्लास वन सरकारी कांट्रेक्टर भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2015 में ही ईडी ने भी मामला दर्ज कर इसकी सारी संपत्ति को जब्त कर लिया था। डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपी को देशबंधु गुप्ता रोड इलाके से गिरफ्तार किया गया।

90 के दशक में की थी चोरी की शुरुआत
पुलिस ने इसकी निशानदेही पर पांच पिस्टल, पांच तमंचे और चोरी की एक कार भी बरामद की। आरोपी ने दिल्ली से बारहवीं करने के बाद वर्ष 90 के दशक में वाहन चोरी करना शुरू कर दिया था। कई बार वह पुलिस पर गोली चलाकर फरार भी हुआ। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन के एक मामले में आरोपी को पांच साल की सजा भी हुई थी। दिल्ली पुलिस से बचने के लिए आरोपी असम चला गया था।  वहां इसने अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ा ली और असम का क्लास वन सरकारी कॉन्ट्रेक्टर बनकर बड़े-बड़े ठेके लेने लगा। लेकिन ईडी ने आरोपी को गिरफ्तार कर इसकी संपत्ति जब्त कर ली। पिछले करीब सात सालों से आरोपी फरार था। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।