जामुल में नशे पर बड़ी कार्रवाई, 5 किलो 876 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार


भिलाई। दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की अवैध बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खेरधा के शीतला तालाब के पास एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे तुरंत पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलावर अली, उम्र 38 वर्ष, निवासी खेरधा बाजार चौक बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 किलो 876 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
