कसौली कैंप में शिव-दुर्गा मंदिर का जीर्णोद्धार, पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर पेश की मिसाल

कसौली कैंप में शिव-दुर्गा मंदिर का जीर्णोद्धार, पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर पेश की मिसाल

दंतेवाड़ा जिले के कसौली कैंप से एक सकारात्मक और भरोसा बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। यहां कैंप परिसर में स्थित शिव और मां दुर्गा मंदिर का जीर्णोद्धार पूरा कर लिया गया है, जो लंबे समय से जर्जर हालत में था। इस कार्य को आईपीएस अधिकारी राजेश कुकरेजा के मार्गदर्शन में प्रभारी घनश्याम सिंह ने अधिकारियों और जवानों के सहयोग से पूरा कराया।

जीर्णोद्धार के बाद आयोजित कार्यक्रम में मां दुर्गा मंदिर में शिलालेख का अनावरण जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला भास्कर, मंडल अध्यक्ष सूदराम भास्कर और कसौली सरपंच शैलेश अटामी की मौजूदगी में किया गया।

इसके बाद प्रभारी घनश्याम सिंह ने अपने परिवार और उपस्थित सभी लोगों के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और अखंड ज्योति प्रज्वलित की। इस दौरान जवानों और ग्रामीणों के अच्छे स्वास्थ्य और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा की कामना की गई। इस पूरे आयोजन ने एक बार फिर दिखाया कि जब पुलिस, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण एक साथ खड़े होते हैं, तो न सिर्फ विकास के काम आगे बढ़ते हैं, बल्कि आपसी विश्वास भी मजबूत होता है।