तेंदुए की हमले से शौच के लिए गई महिला की मौत

20 दिनों में 3 लोगों को बनाया शिकार

तेंदुए की हमले से शौच के लिए गई महिला की मौत

 अंबिकापुर । मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में कुंवारपुर क्षेत्र के सिंगरौली में मंगलवार सुबह घर के पास निकली महिला पर तेंदुआ ने हमला कर उसे मार डाला। इंसानों पर तेंदुए के हमले की एक महीने में यह तीसरी घटना है। 20 दिनों पहले तेंदुए ने जंगल की तरफ गई एक बूढी महिला को मार डाला था। वहीं करीब 10 दिनों पहले तेंदुए ने घर में खेल रहे आठ वर्षीय बालक पर हमला कर उसे उठाकर भागने की कोशिश की थी। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की कोशिशें नाकाम रही हैं। वनविभाग ने बकरा बांधकर पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ नहीं फंस सका। 
तेंदुए ने मंगलवार को एक शौच के लिए निकली महिला को शिकार बनाया। कुंवारपुर रेंज के ग्राम सिंगरौली पुरनिहापारा निवासी 54 वर्षीया उमाबाई आज सुबह लगभग 7.30 बजे अपने घर के बाहर शौच के लिए गयी हुई थी। तभी तेंदुआ वहां पहुंच गया और महिला पर हमला कर उसे खींचकर ले गया। बीती घटनाओं से सहमे लोग महिला की आवाज सुनकर भी नहीं पहुंचे। झाड़ियों से महिला का शव बरामद किया गया है। तेंदुए के हमले से महिला की मौत की सूचना पर रेंजर चंद्रमणि तिवारी अपने अमले के साथ मौके पर पहुंचे। उमाबाई का शव घर से थोड़ी दूर झाड़ियों के पास पड़ा हुआ मिला। उसके गले एवं सिर में तेंदुए के दांतों के गहरे निशान मिले हैं। उसका काफी खून बह गया था। संभवत: श्वास नली कटने एवं नसों के कट जाने से महिला की मौत हो गई है। घटना से लोग दहशत में हैं।