पीछे छूटा चीन, भारत में अब सबसे ज्यादा आबादी

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष की रिपोर्ट में खुलासा

पीछे छूटा चीन, भारत में अब सबसे ज्यादा आबादी

नई दिल्ली(एजेंसी)। चीन को पछाड़ते हुए भारत अब दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के आंकड़ों के मुताबिक भारत की आबादी फिलहाल चीन के मुकाबले 29 लाख ज्यादा है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि भारत ने चीन को जनसंख्या के मामले में कब पीछे छोड़ा। यूनाइटेड नेशंस पॉप्युलेशन फंड की रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया की आबादी अब 8 अरब से ज्यादा हो गई है। जनसंख्या कोष की रिपोर्ट का शीर्षक 'अब अरब जिंदगियां, अनंत संभावनाएं' है।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक भारत की आबादी अब 1 अरब 42 करोड़ 86 लाख है तो वहीं चीन की आबादी अब 1 अरब 42 करोड़ 57 लाख है। इस तरह दोनों देशों की आबादी में 29 लाख का अंतर आ गया है। 1950 से संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या का आंकड़ा रखता है और तब से ऐसा पहली बार है, जब भारत ने आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के मीडिया सलाहकार अन्ना जेफरीज ने बताया, 'हां, यह साफ नहीं है कि भारत ने चीन को कब पीछे छोड़ा है। दरअसल दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर तुलना करना कठिन है क्योंकि दोनों देशों के डाटा कलेक्शन में थोड़ा अंतर है।'