डायल 112 कर्मियों की बैठक में एसपी ने दिए दिशा-निर्देश, उत्कृष्ट कर्मचारियों और चालकों का किया सम्मान

त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई पर जोर, बेहतर सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान

डायल 112 कर्मियों की बैठक में एसपी ने दिए दिशा-निर्देश, उत्कृष्ट कर्मचारियों और चालकों का किया सम्मान

भिलाई। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिला डायल 112 में पदस्थ कर्मचारियों एवं चालकों की बैठक लेकर सेवा की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं चालकों को कैश रिवार्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

बैठक में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्राप्त होने वाले इवेंट्स पर त्वरित, प्रभावी एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ईआरयू वाहन निर्धारित समय में घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराए। साथ ही आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सेवा की गुणवत्ता को निरंतर बेहतर बनाने पर बल दिया गया।

बैठक के दौरान सी-4 रायपुर से प्राप्त इवेंट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डायल 112 के स्टार कर्मचारियों एवं चालकों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल 112 पुलिस और आमजन के बीच त्वरित सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक कर्मचारी और चालक को संवेदनशीलता, तत्परता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में समय पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों का सम्मान अन्य कर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में डायल 112 के कई कर्मचारियों और चालकों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

सराहनीय भूमिका : सम्मानित कर्मचारियों में प्रधान आरक्षक भगतराम चंद्रवंशी, आरक्षक राजेश कुमार पाल, कौशलेंद्र सिंह, योगेंद्र बिलोने, शकील खान, गौतम भट्ट, बी. लक्ष्मण राव, सुमन मंडावी, हेमेन्द्र बंछोर, त्रिलोचन ठाकुर, फल्गो वर्मा एवं यशवंत देशमुख शामिल हैं। इसी प्रकार चालक संतोष कुमार, गोविंदा सिंह, तोपेश सोनवानी, बग्गा सिंह, लोकेश कुमार, डेविड ठाकुर, अश्वनी कुमार, सुनील कुमार, विनोद कुमार, सुनील देशमुख, भीषम साहू, हेमंत कुमार, मनोज चंद्राकर, दिलेश्वर साहू, प्रीतम जांगड़े, थानेश्वर साहू, झानेश्वर एवं चित्रसेन को भी सम्मानित किया गया।