डूबने से चार बच्चियों सहित पांच की मौत

डूबने से चार बच्चियों सहित पांच की मौत
दामिनी, राजश्री, रूबी, आलोक और सौम्या

अलीगढ़। गंगा दशहरा पर गंगा में स्नान के दौरान 16 जून रविवार को गंगा नदी में डूबने से चार बच्चियों सहित पांच की मौत हो गईं। इनमें से दो चचेरी बहनों सहित तीन बच्चियां पॉलीमुकीमपुर थाने के गांव दीनापुर में डूबीं। एक बच्ची सांकरा गंगा घाट में और एक युवक नरौरा में गंगा स्नान करते हुए डूबा। 

जानकारी के अनुसार दीनापुर गांव निवासी रूबी (9 साल) पुत्री सत्यपाल, दामिनी (10 साल) पुत्री महेंद्र और राजश्री (7 साल) पुत्री दीपक निवासी मथुरा दोपहर करीब गांव के बाहर गंगा नदी के कच्चे घाट पर स्नान करने गई थीं। साथ में गांव का ही एक लड़का था। दोपहर में करीब दो बजे गंगा नदी में स्नान करते समय एक बच्ची डूबने लगी। इस पर उसे बचाने की कोशिश में तीनों ही गहराई में चले जाने से डूब गईं। पास ही पशु चरा रहे एक लड़के ने शोर मचाया तो गांव के राजवीर दौड़कर वहां पहुंचे और तीनों को खोजकर पानी से बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी सासें थम चुकी थीं। रूबी और दामिनी चचेरी बहनें थीं, जबकि राजश्री उनकी बुआ की बेटी थी।

गांव उस्मानपुर निवासी 18 वर्षीय आलोक कुमार पुत्र विजेंद्र सिंह गांव के ही कुछ लोगों के साथ गंगा दशहरा पर नरौरा में गंगा स्नान करने गए थे। वहां पर स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गए। दादों क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे सांकरा निवासी 4 वर्षीय सौम्या पुत्री चोब सिंह स्नान करते समय गहरे पानी में चले जाने से डूब गई। उसे डूबता देखकर परिवार के लोगों ने तत्काल प्रयास कर बाहर निकाला, लेकिन शरीर के अंदर पानी भरने से उसकी हालत बिगड़ गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए छर्रा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।