धनवर्षा के नाम पर महिलाओं से दुष्कर्म, तीन तांत्रिक सहित 14 गिरफ्तार

आरोपियों में रेलवे मास्टर सहित कई पढ़े लिखे लोग शामिल है

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल में पुलिस ने एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो तांत्रिक अनुष्ठानों के जरिए महिलाओं का यौन शोषण करता था। इस गिरोह के 14 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले 7-8 वर्षों से सक्रिय था। आरोपियों में रेलवे मास्टर सहित कई पढ़े लिखे लोग शामिल है।

प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला 21 मार्च को तब सामने आया, जब राजपाल नामक व्यक्ति धनारी पुलिस स्टेशन पहुंचा। राजपाल ने हमें बताया कि एक समूह उसे तांत्रिक अनुष्ठान के बहाने किसी अज्ञात स्थान पर ले गया था। वह बड़ी मुश्किल से जान बचा कर वहां से भाग निकला है। राजपाल की शिकायत के बाद पुलिस ने अपहरण और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया।संभल एसपी ने बताया कि जांच में पता चला कि गिरोह नकदी से भरे कमरों के फर्जी वीडियो दिखाकर लोगों को लालच देता था और कथित "अलौकिक" साधनों के जरिए उन्हें पांच करोड़ से 35 करोड़ रुपये तक वापस देने का वादा करता था। पुलिस ने बताया कि वित्तीय धोखाधड़ी के अलावा गिरोह के लोग अनुष्ठान के बहाने महिलाओं और युवतियों का यौन शोषण भी करते थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में रिंकू, अजब सिंह, दुर्जन, संतोष, रघुवीर, आकाश, कप्तान सिंह, संजय चौहान, डीएन त्रिपाठी, जय प्रकाश, सोनू और लाल सिंह शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।