शराब पार्टी बनी मौत की वजह, सब्बल से वार कर 18 वर्षीय युवक की हत्या, 10 फीट गहरे तालाब में छिपाए थे हत्या के सबूत, SDRF ने खोज निकाले
डूमर गांव की पानी टंकी के पास मिला शव, विवाद के बाद दोस्त ने उतारा मौत के घाट, हत्या में प्रयुक्त सब्बल तालाब से बरामद


आरोपी रोमनाथ उर्फ लालू यादव


दुर्ग। जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमर में एक 18 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पानी टंकी के पास युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को हिरासत में ले लिया है तथा उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सब्बल और कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को ग्राम डूमर के कोटवार द्वारा सूचना दी गई कि गांव की पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में शरीर पर बने गोदना के आधार पर उसकी पहचान चेतन ठाकुर (18 वर्ष) निवासी ग्राम पथरिया के रूप में की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले मृतक चेतन ठाकुर, रोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया।

जांच में पता चला कि विवाद इतना बढ़ गया कि देर रात करीब एक बजे आरोपी रोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल उठाकर चेतन ठाकुर के सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से चेतन की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए घटना में प्रयुक्त सब्बल और अपने पहने हुए कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की मदद से तालाब में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हत्या में इस्तेमाल किया गया सब्बल और आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार विस्तृत विवेचना के बाद पूर्ण प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी। गांव में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक मामूली विवाद ने एक युवा की जिंदगी छीन ली, जबकि आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच गया है।
SDRF ने खोज निकाले अहम सबूत
नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर में युवक की हत्या के मामले में एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए हत्या से जुड़े अहम साक्ष्य तालाब से बरामद किए हैं। आरोपी द्वारा घटना के बाद सबूत मिटाने की नीयत से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और अपने कपड़ों को तालाब में फेंक दिया गया था, जिन्हें एसडीआरएफ के जवानों ने डीप डाइविंग कर बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डूमर स्थित पुराने गौठान के पास तालाब में हत्या से जुड़े साक्ष्य फेंके जाने की सूचना कंट्रोल रूम दुर्ग के माध्यम से एसडीआरएफ को मिली थी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ की विशेष टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ के जवानों ने तालाब में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग 10 फीट गहरे पानी में उतरकर जवानों ने डीप डाइविंग की और हत्या में प्रयुक्त सब्बल, टी-शर्ट तथा जींस बरामद कर पानी से बाहर निकाला। बाद में सभी साक्ष्य विधिवत पुलिस को सौंप दिए गए।
बताया जा रहा है कि ग्राम डूमर में हुए हत्या के मामले में आरोपी ने युवक की हत्या करने के बाद सबूत छिपाने के उद्देश्य से हथियार और कपड़े तालाब में फेंक दिए थे। पुलिस की जांच के दौरान आरोपी की निशानदेही पर तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें एसडीआरएफ की टीम ने सफलता हासिल की।
इस विशेष अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में चंद्रप्रताप, थानेश्वर, विनय, ओंकार, शारदा और भानुप्रताप ने सक्रिय भूमिका निभाई।
मृतक की पहचान केतन ठाकुर (19 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम ठाकुर, निवासी पथरिया के रूप में हुई है। पुलिस हत्या के पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
