इंस्टाग्राम रील के चक्कर में सड़क पर स्टंट, दो युवकों पर पुलिस ने दर्ज किया केस, बाइक भी जब्त

इंस्टाग्राम रील के चक्कर में सड़क पर स्टंट, दो युवकों पर पुलिस ने दर्ज किया केस, बाइक भी जब्त

भिलाई। सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाना दो युवकों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो के आधार पर छावनी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक पावर हाउस बस स्टैंड के पास मुख्य सड़क पर एक मोटरसाइकिल और बुलेट चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए इंस्टाग्राम रील बना रहे थे। इसका वीडियो व्हाट्सएप के जरिए पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद तत्काल जांच शुरू की गई।

जांच में आरोपियों की पहचान आकाश पाण्डेय और रितेश साहू के रूप में हुई। दोनों प्रगति नगर, नेहरू चौक, कैम्प-01 भिलाई के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों सोशल मीडिया पर रील वायरल करने के उद्देश्य से स्टंट कर रहे थे।

छावनी पुलिस ने आरोपी आकाश पाण्डेय के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/2026 और रितेश साहू के खिलाफ अपराध क्रमांक 308/2026 दर्ज किया है। दोनों पर धारा 281 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और बुलेट वाहन भी जब्त कर लिया है।