देर रात डीजे बजाना पड़ा भारी, मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस पर पुलिस की कार्रवाई

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के जयंती नगर स्थित मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस में देर रात तक तेज आवाज में डीजे और लाउडस्पीकर चलाना संचालकों को महंगा पड़ गया। आसपास के रहवासियों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मैरिज पैलेस प्रबंधन के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक विवाह समारोह और अन्य आयोजनों में रात 10 बजे के बाद भी तेज ध्वनि में डीजे, लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम संचालित किया जा रहा था। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। साथ ही पार्किंग व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा था।

जांच के दौरान आयोजन स्थल पर ध्वनि विस्तारक यंत्र संचालन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं पाई गई। इसके बाद पुलिस ने धारा 152 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया।
यह कार्रवाई पुरानी भिलाई थाना पुलिस द्वारा मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस, जयंती नगर भिलाई-03 में की गई।

