किराना दुकानदार से लूट करने वाले 4 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
पुरानी भिलाई पुलिस की त्वरित कार्रवाई

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में किराना दुकानदार से मारपीट और लूट करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। मामला 4 मई की सुबह का है, जब हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में स्थित एक किराना दुकान पर चार युवक पहुंचे। चाय, पानी, गुटखा और सिगरेट लेने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे, तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।

इस दौरान आरोपी श्याम रेड्डी ने धारदार हथियार दिखाकर दुकानदार को धमकाया और बाकी साथियों के साथ मिलकर दुकान के गल्ले से करीब 5,100 रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान दुकानदार अपनी जान बचाकर मौके से भाग गया। पीड़ित मेजर यादव की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में धनराज निर्मलकर, विराज, श्याम रेड्डी और प्रहलाद बंजारे शामिल हैं, जो खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार और नगदी से जुड़े साक्ष्य भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी का नाम :
1. धनराज निर्मलकर, उम्र 21 वर्ष, निवासी खुर्सीपार
2. विराज, उम्र 18 वर्ष, निवासी दुर्गा मंदिर के पास खुर्सीपार
3. श्याम रेड्डी, उम्र 25 वर्ष, निवासी जोन-2 खुर्सीपार
4. प्रहलाद बंजारे, उम्र 22 वर्ष, निवासी मिनीमाता नगर खुर्सीपार

