ताला तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

ताला तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप और चार्जर भी बरामद कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेन्द्र शर्मा ने 21 मार्च 2026 को थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे अपने किराये के मकान में ASUS TUF A15 laptop और चार्जर छोड़कर कोचिंग गए थे। दोपहर करीब 2 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और लैपटॉप चोरी हो चुका था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक सिविक सेंटर कार पार्किंग में लैपटॉप बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान कुनाल ध्रुवे (20 वर्ष), निवासी रूआबांधा, भिलाई के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप और चार्जर, जिसकी कुल कीमत करीब 67,500 रुपये है, जप्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

आरोपी का नाम : 1. कुनाल ध्रुवे, उम्र 20 वर्ष, निवासी क्वार्टर नं. 9/B, HSCL कॉलोनी, रूआबांधा, भिलाई