शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर बेटे ने अपने घर को किया आग के हवाले, आरोपी गिरफ्तार

शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर बेटे ने अपने घर को किया आग के हवाले, आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के ग्राम खेरधा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। इस घटना में घर का पूरा सामान जलकर खाक हो गया और लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

पुलिस के अनुसार, 22 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी पुनित धृतलहरे अपनी मां मीना धृतलहरे से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। मां द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर वह गुस्से में आ गया और घर को आग लगाने की धमकी दी।

कुछ ही देर बाद आरोपी ने सिगड़ी में कपड़ा जलाकर घर में आग लगा दी, जिससे देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई। घटना में घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो नुकसान और बढ़ सकता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पुनित धृतलहरे (30 वर्ष), निवासी ग्राम खेरधा थाना जामुल को गिरफ्तार कर 24 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना महज शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में उठाए गए कदम का नतीजा है, जिसने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचा दिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।