हम भिलाई के गुंडे हैं' बोलकर की गई मारपीट, सेक्टर-5 में युवक पर जानलेवा हमला, अमित जोश गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई, 19 जुलाई 2025। भिलाई के सेक्टर-5 इलाके में एक बार फिर अपराध का खूनी चेहरा सामने आया है। खुद को “भिलाई का गुंडा” बताकर एक युवक पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर थाना भिलाई नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मारुति अल्टो कार और दो धारदार तलवारें जब्त की हैं। "आजाद हिन्द Times" की ओर से स्पष्ट संदेश — भिलाई में अपराध का कोई स्थान नहीं। पुलिस की तत्परता और जनता की सजगता ही कानून-व्यवस्था की असली ताकत है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी चंद्रकांत वर्मा 18 जुलाई की रात करीब 10:15 बजे सिगरेट पीने के लिए सेक्टर-5 मार्केट गया था। नंदू पान ठेला बंद था, तो वह वहीं पास में बैठकर सिगरेट पीने लगा। तभी यशवंत नायडू और लक्की जॉर्ज वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के गालियां देते हुए धमकाने लगे। जब चंद्रकांत ने विरोध किया, तो दोनों ने खुद को “भिलाई का गुंडा” बताते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी और धारदार तलवार से हमला कर दिया। यशवंत नायडू ने पहले चंद्रकांत की बाएं हाथ की उंगली पर वार किया, फिर लक्की जॉर्ज ने उसके सिर पर तलवार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह वह जान बचाकर सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचा।
FIR और पुलिस कार्रवाई
चंद्रकांत की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 363/2025 के तहत धारा 109, 296, 351(3), 115(2) बीएनएस व 25, 27 आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपराध स्वीकार किया और उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई दो तलवारें और एक मारुति अल्टो कार जब्त की गई।
गिरोह का कनेक्शन – अमित जोश का नाम फिर चर्चा में
गिरफ्तार आरोपी यशवंत नायडू मृतक अमित जोश का जीता (भाई समान) बताया जा रहा है, जबकि लक्की जॉर्ज उसी गैंग का सक्रिय सदस्य है।
बता दें, अमित जोश को कुछ समय पहले भिलाई नगर पुलिस ने एक एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। अब उसी गिरोह के शेष सदस्य शहर में फिर से दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे, जिसे पुलिस ने समय रहते दबोच लिया।
???? न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अन्य संभावित साथियों और गिरोह की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है।
1- आर. यशवंत नायडू उम्र 32 साल सेक्टर 05 भिलाई नगर
2- बी.लक्की जार्ज उम्र 31 साल सेक्टर 05 भिलाई नगर