नौ माह पहले हुई थी शादी...अफेयर के शक में बेरहम बना पति

बेसबाल के बल्ले से सिर पर कई प्रहार फिर दबाया

नौ माह पहले हुई थी शादी...अफेयर के शक में बेरहम बना पति

गाजियाबाद(एजेंसी)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले से रोंगटे खड़े करनी वाली खबर सामने आई है। यहां एक नवविवाहिता की पति ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने प्रेम संबंध के शक में पत्नी को मौत के घाट उतारा। जानकारी के अनुसार मसूरी थाना इलाके के मिसलगढ़ी में सोमवार सुबह करीब चार बजे टीना (24) की हत्या हुई। आरोप कैफे चलाने वाले पति गौरव (26) पर लगा। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में जुर्म भी कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस बताया कि उसे टीना के किसी से प्रेम संबंध होने का शक था। वह उसके साथ शराब पीकर आने पर झगड़ा भी करती थी। इसलिए, गुस्से में आकर उसकी हत्या की। आरोपी ने बताया कि पहले बेसबॉल के बल्ले से उसका सिर फोड़ा और फिर चुनरी से गला दबा दिया। उसके मरने के बाद वह घर से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि सुबह सात बजे एक युवक ने फोन से सूचना दी कि गोविंदपुरम के पार्क में गौरव नाम का शख्स बेहोश पड़ा है, उसके कपड़े खून से लथपथ हैं।
दरअसल, सूचना देने वाला युवक गौरव का परिचित था। वह उसे इस हालत में देख पहले उसके घर ही गया था। उसने गौरव के परिवारवालों को बताया कि वह पार्क में बेहोश पड़ा है। यह सुनते ही परिवार के लोग घर पर ताला लगाकर भाग गए।  पुलिस ने गौरव को पार्क से गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने बताया कि टीना से उसकी शादी नौ महीने पहले दिसंबर 2021 में हुई थी। 

उसे महसूस होता था कि टीना उसे प्यार नहीं करती, जबकि उसके छोटे भाई का बहुत ख्याल रखती है। इसीलिए उसे शक था कि दोनों के बीच कुछ चल रहा है। हालांकि, इसका कोई साक्ष्य उसे नहीं मिला।
एनएच-9 स्थित एकेजी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास कृष्णम नाम से कैफे चलाने वाले गौरव ने पुलिस को बताया कि वह टीना से अलग होना चाहता था। इसके लिए दो दिन पहले घर से भागकर जयपुर चला गया था। परिवार के लोग वहीं पहुंच गए और रविवार को वहां से ले आए। वह रात को ही पहुंचा था। 
उसने शराब पी रखी थी। उसे लगा कि इस तरह वह अलग नहीं हो पाएगा, इसलिए हत्या करने की ठान ली। सुबह चार बजे उसकी आंख खुली। टीना सो रही थी। उसे जगाया और कमरे का गेट बंद करके पीटा। इसके बाद बेसबाल के बल्ले से सिर पर कई प्रहार किए। वह गिर पड़ी। उसे लगा कि सांस चल रही है, बच सकती है, इसलिए चुनरी से गला घोंट दिया।
इसके बाद गेट खोला। परिवार के लोग भी आ गए थे लेकिन कोई कुछ नहीं बोला। थोड़ी देर बाद वह भाग गया।