भारत ने आतंकी साजिद मीर का ऑडियो UN में सुनाया

भारत ने आतंकी साजिद मीर का ऑडियो UN में सुनाया

न्यूयॉर्क।  चीन ने एक बार फिर 26/11 हमले में शामिल लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी साजिद मीर को वैश्विक आतंकी घोषित करने में अड़ंगा लगा दिया है। चीन ने संयुक्त राष्ट्र में भारत और अमेरिका के प्रस्ताव को रोक दिया है। इससे पहले भी चीन साजिद मीर को वैश्विक आतंकी घोषित करने में रोड़ा बन चुका है। अब इसे लेकर भारत ने संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों की इच्छाशक्ति पर ही सवाल खड़े किए हैं। यूएन में भारत की ओर से विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अगर हम स्थापित आतंकियों को यूएन की वैश्विक आतंकियों की सूची में शामिल नहीं करा पा रहे तो यह आतंकवाद की चुनौती से निपटने की इच्छाशक्ति में कमी को दर्शाता है। इसी के साथ भारतीय राजनयिक ने यूएन में ही साजिद मीर की ऑडियो क्लिप भी सुनाई। प्रकाश गुप्ता की ओर से जो ऑडियो क्लिप चलाई गई, उसमें सुना जा सकता है कि कैसे मुंबई में हमलों के समय साजिद मीर आतंकियों को निर्देश दे रहा था। क्लिप में एक मौके पर यह भी सुना गया कि ताज होटल में जितने भी विदेशी हैं उन्हें मार दिया जाए। भारतीय राजनयिक ने कहा कि घटना के 15 साल बाद भी साजिद मीर खुला घूम रहा है। उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि एक देश में उसे पूरी सुविधाएं मिल रही हैं। यह आतंकवाद के प्रति दोहरा रवैया है। यह गुड टेररिज्म-बैड टेररिज्म की खतरनाक अवधारणा है।