हर घर झंडा अभियान, 30 हजार तिरंगे झंडे लोगो ने महिलाओं से खरीदे

स्व सहायता समूह की महिलाओं ने तैयार किए थे विभिन्न स्थानों में विक्रय केंद्र

हर घर झंडा अभियान, 30 हजार तिरंगे झंडे लोगो ने महिलाओं से खरीदे

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत स्व सहायता समूह की महिलाओं ने तिरंगे झंडे के विक्रय के लिए अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल के माध्यम से तिरंगा झंडा का विक्रय किया। 30 हजार तिरंगा झंडा लोगों ने खरीदे। महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने हर घर झंडा अभियान को सफल बनाने की अपील की है। आज निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने मुख्य कार्यालय में लगे हुए स्टॉल का निरीक्षण किया और उन्होंने स्वयं तिरंगा झंडा महिलाओं से क्रय किया। हर घर झंडा कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय ध्वज को अपने-अपने घरों में फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संकल्प स्व सहायता समूह कोहका द्वारा 10,000, हयात स्व सहायता समूह के द्वारा 5000, मिराज स्व सहायता समूह के द्वारा 4000, ईश्वरी स्व सहायता समूह के द्वारा 7000 एवं जय बजरंगबली स्व सहायता समूह के द्वारा 4000 तिरंगे झंडे का निर्माण किया गया था, इन सभी तिरंगे झंडे को लोगों ने अपने घरों में फहराने के लिए खरीद लिया। हर घर झंडा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्व सहायता समूह की महिलाएं काफी दिनों से मेहनत कर रही थी और निर्माण पश्चात इसके लिए स्टॉल लगाकर लोगों को झंडे उपलब्ध कराए गए।

निगम मुख्य कार्यालय में महापौर नीरज पाल करेंगे ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महापौर नीरज पाल निगम के मुख्य कार्यालय में ध्वजारोहण करेंगे वही शहीद उद्यान सेक्टर 5 में विधायक देवेंद्र यादव ध्वजारोहण करेंगे, निगम के सभी अनुविभागीय कार्यालयों में जोन समिति के अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। सभी महत्वपूर्ण स्मारकों की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण इस अवसर पर किया जाएगा, चौक चौराहा आदि स्थानों पर सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, सार्वजनिक संस्थानों एवं कार्यालय में जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा वहां राष्ट्रभक्ति के गीत का उपयोग होगा, निगम के मुख्य कार्यालय, शहीद उद्यान सहित जोन कार्यालय में रोशनी की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील महापौर नीरज पाल एवं निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने सभी से की है।
=============