सुरक्षाबलों ने 8 लाख की इनामी महिला नक्सली को मार गिराया

सुरक्षाबलों ने 8 लाख की इनामी महिला नक्सली को मार गिराया

कांकेर। कांकेर के बिनागुंडा के जंगलों में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने 8 लाख की इनामी महिला नक्सली का मार गिराया। इस ऑपरेशन के दौरान जवानों ने दो दिन जंगल में गुजारे। बारिश का पानी पीकर जंगल में जवानों ने रात काटी। उफनती नदी पार कर ऑपरेशन चलाया गया।

मुठभेड़ से लौटते जवानों का वीडियो भी सामने आया है। जवान तेज बारिश और उफनती नदी-नालों को पार कर सकुशल वापस लौट रहे हैं।

कांकेर डीआरजी, पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम सोमवार की शाम छोटेबेठिया इलाके के बिनागुंडा जंगल में नक्सल ऑपरेशन के लिए निकली थी। ये वही इलाका है, जहां सुरक्षाबलों ने 16 अप्रेल को 29 नक्सलियों को मार गिराया था।

वहां से तकरीबन दो किलोमीटर दूर बिनागुंडा है, जहां सुरक्षाबलों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। करीब एक घंटे तक चले इस मुठभेड़ में जवानों ने नक्सलियों के कंपनी नंबर 5 PLGA सदस्य रीता माडियाम को ढेर कर दिया।

छोटेबेठिया से लगे माड़ इलाके में जवान बिनागुंडा के जंगल तक पहुंचे करीब 2 दिन जवानों ने जंगल में ही बिताया, पीने का पानी खत्म होने पर जवानों ने प्लास्टिक के पाल में बारिश के पानी को जमा कर अपनी प्यास बुझाई। इस दौरान तेज बारिश, उफनते नदी-नालों की दोहरी मार झेलते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि मुठभेड़ में ढेर महिला नक्सली के शव को कंधे में लादकर जवान उफनती नदी पार कर रहे हैं।