भगत सिंह की जयंती पर दिशा ने 54 जरूरतमंद बच्चों को बांटे जूते
तितुरडीह के शहीद भगत सिंह स्कूल में सेवा कार्यक्रम, सभी बच्चों को मिठाई बांटकर देशभक्ति और अनुशासन का दिया संदेश


दुर्ग। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘दिशा’ की ओर से सोमवार, 28 सितंबर को तितुरडीह स्थित शहीद भगत सिंह राष्ट्रीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भगत सिंह के त्याग, साहस और देशप्रेम को याद करते हुए जरूरतमंद बच्चों की सहायता की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के वरिष्ठ सदस्य शांतनु दासगुप्ता, रामानुजन राजू और सुजीत चक्रवर्ती ने विद्यालय के प्राचार्य चंद्रिका प्रसाद अग्रवाल के साथ भगत सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर की। उपस्थित सदस्यों ने भगत सिंह के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और उनके बलिदान को याद किया। इस दौरान ‘दिशा’ की ओर से 54 जरूरतमंद बच्चों को जूते भेंट किए गए, जबकि विद्यालय के सभी बच्चों को मिठाई वितरित की गई। नए जूते मिलने पर बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
बच्चों ने दी देशभक्ति की प्रस्तुतियां
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भगत सिंह की स्मृति में देशभक्ति के नारे लगाए और कविताओं का पाठ किया। बच्चों ने भगत सिंह के विचारों और राष्ट्रप्रेम पर आधारित प्रस्तुतियां भी दीं। बीएड की छात्राओं ने भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी। संस्था के सदस्य शांतनु दासगुप्ता ने कहा कि भगत सिंह युवाओं के लिए साहस, विचारशीलता, त्याग और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन अपनाने और भविष्य में समाज व देश के लिए उपयोगी नागरिक बनने का आह्वान किया।
रामानुजन राजू ने कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनकी जरूरतों में सहभागी बनना सेवा की भावना है। संस्था के सदस्यों ने कहा कि महापुरुषों को याद करने का सार्थक तरीका उनके आदर्शों को अपने जीवन और कर्मों में उतारना है। कार्यक्रम में दिशा संस्था के शांतनु दासगुप्ता, रामानुजन राजू, कल्याण राय, देबाशीष मजूमदार, बापी दास, अशोक निम्बरते, प्रदीप दास, मोहन गिरी, भास्कर देवनाथ, अजय दुबे, रामजी सिन्हा, दुष्यंत तिवारी, सुजीत चक्रवर्ती, उत्तम डे, कल्पना चक्रवर्ती, मौसमी डे, सुनीता मजूमदार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य चंद्रिका प्रसाद अग्रवाल ने संस्था के सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह जयंती पर बच्चों के बीच सेवा कार्य करना प्रेरणादायी पहल है। बच्चों को जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उन्हें देशप्रेम, त्याग और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना संस्था का सराहनीय प्रयास है।
