कार का शीशा तोड़कर ₹4.90 लाख उड़ाने वाला गिरोह के 5 गिरफ्तार, होंडा शोरूम का कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये की चोरी करने वाले सुनियोजित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसीसीयू और पुलगांव थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 1.57 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। मामले में शेष रकम की बरामदगी और गिरोह की अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी अपनी मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक CG 07 CR 7983 में करीब 4.90 लाख रुपये नकद एक बैग में रखकर निकले थे। वे पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने कार खड़ी कर किसी काम से चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर कार का बायां अगला शीशा टूटा मिला और नगदी से भरा बैग गायब था। घटना की रिपोर्ट पर पुलगांव थाना में अपराध क्रमांक 680/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू और पुलगांव पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी के घर से लेकर घटनास्थल और आसपास करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली सूचना और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी भुवनेश्वर डहरिया, जो उत्सव होंडा शोरूम में कर्मचारी है, ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी वारदात की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी सहकर्मी सपना राजपूत के माध्यम से प्रार्थी की गतिविधियों की जानकारी मिलती थी। उसने पहले से रैकी कर यह पता लगा लिया था कि प्रार्थी अक्सर बड़ी रकम लेकर आता है और वाहन शोरूम के सामने खड़ा करता है। इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने योजना बनाकर कार का शीशा तोड़ा और नगदी से भरा बैग चोरी कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई रकम में से 1 लाख 57 हजार रुपये बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई है। पुलिस अब चोरी की शेष राशि की बरामदगी और गिरोह के अन्य मामलों में शामिल होने की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
-
भुवनेश्वर डहरिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी कुंद्रापारा, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।
-
संजय साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुंद्रापारा, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।
-
जितेंद्र कुमार साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी रूआबांधा, चाचा चौक के पास, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
-
सपना राजपूत, उम्र 20 वर्ष, निवासी कोलियाहापुरी, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग।
-
संतोष जोशी ,उम्र 48 ,वार्ड नंबर 54 कुंदरपारा थाना पद्मनाभपुर
जब्त सामग्री
- ₹1,57,000 नकद
- 02 पल्सर मोटरसाइकिल
- 01 एक्टिवा स्कूटी
