अनियंत्रित होकर पलटी मिक्सर मशीन, केबिन में फंसा चालक

थनोद रोड पर हुआ हादसा, अंजोरा पुलिस की तत्परता और जनसहयोग से सुरक्षित निकाला गया चालक, समय पर अस्पताल पहुंचाने से बची जान

अनियंत्रित होकर पलटी मिक्सर मशीन, केबिन में फंसा चालक

दुर्ग। जिले के अंजोरा चौकी क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब थनोद रोड पर एक मिक्सर मशीन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में वाहन चालक केबिन के भीतर गंभीर रूप से फंस गया था। सूचना मिलते ही अंजोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार मिक्सर मशीन क्रमांक CG 07 CZ 6051 थनोद रोड से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और मशीन सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी जान को खतरा उत्पन्न हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही चौकी अंजोरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। समय पर रेस्क्यू और चिकित्सा सहायता मिलने से चालक की जान बचाने में सफलता मिली।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि यदि समय रहते राहत कार्य शुरू नहीं होता तो हादसा और गंभीर हो सकता था।

इस सफल रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक चंद्रशेखर सोनी, पीएसआई अभिषेक चंद्रा, आरक्षक सुमन, आरक्षक विक्की यादव सहित ग्राम थनोद और आसपास के ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने भी राहत एवं बचाव कार्य में शामिल पुलिस टीम और सहयोगी नागरिकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार तत्परता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।