ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे तस्कर, धमधा पुलिस ने दबोचा; 3.100 किलो गांजा जब्त

ग्राम घोटा पेट्रोल पंप के पास दो आरोपी गिरफ्तार, एक्टिवा और मोबाइल समेत 2.40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

ग्राहकों की तलाश में घूम रहे थे तस्कर, धमधा पुलिस ने दबोचा; 3.100 किलो गांजा जब्त

धमधा। दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धमधा पुलिस ने गांजा तस्करी और बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3.100 किलोग्राम गांजा, एक एक्टिवा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 2.40 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 जून 2026 को थाना धमधा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोटा पेट्रोल पंप के पास धमधा-देवकर रोड पर दो व्यक्ति एक्टिवा क्रमांक CG 07 DD 0132 में अवैध गांजा लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं और उसकी बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मनीराम ठाकुर (55 वर्ष), निवासी ग्राम शिवकोकड़ी तथा ढाल सिंह यादव (23 वर्ष), निवासी भाठा कोकड़ी बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखी एक सफेद बोरी से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही गांजे को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

पुलिस पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मिलकर गांजा मंगाते थे और उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में बेचते थे। दोनों आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लंबे समय से इस कारोबार में संलिप्त थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना धमधा में अपराध क्रमांक 162/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।