पान ठेले में चोरी करने वाले नाबालिग सहित 2 गिरफ्तार, 53 हजार का माल बरामद
ताला तोड़कर नकदी और बिक्री का सामान ले उड़े थे आरोपी


भिलाई। नेवई थाना पुलिस ने पान ठेले में चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी और बिक्री का सामान बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 53 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 20 जून की रात करीब 10:30 बजे वह अपना पान ठेला बंद कर घर चला गया था। अगले दिन सुबह जब वह दुकान पहुंचा तो ठेले का ताला टूटा मिला। गल्ले में रखी नकदी और सिगरेट, गुटखा, माचिस, कोल्ड्रिंक समेत अन्य सामग्री चोरी हो चुकी थी।
मुखबिर की सूचना से मिला सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक और एक विधि-विरुद्ध बालक मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर सिगरेट, गुटखा और कोल्ड्रिंक बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पान ठेले का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, सिगरेट, गुटखा, माचिस, कोल्ड्रिंक और अन्य सामग्री बरामद की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 53 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी की पहचान
कार्तिक नाग उर्फ करन (21 वर्ष)
निवासी : रिसाली भाठा, मोहन किराना के पास, भिलाई
थाना : नेवई, जिला दुर्ग
जेल भेजा गया आरोपी
नेवई थाना में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
