खुर्सीपार में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 81 एटीएम कार्ड और 62 पासबुक के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

गरीबों के खातों को बनाया जाता था "म्युल अकाउंट", IPL के दौरान रांची से संचालित हो रहा था नेटवर्क

खुर्सीपार में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 81 एटीएम कार्ड और 62 पासबुक के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टा और अवैध वित्तीय लेनदेन के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 81 एटीएम कार्ड, 62 बैंक पासबुक, 5 चेकबुक, 13 मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और हार्ड डिस्क समेत करीब 2.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

थाना खुर्सीपार पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में सामने आया कि आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और बाद में उन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टे और अवैध पैसों के लेनदेन के लिए करते थे।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

पुलिस को सूचना मिली थी कि आईटीआई खेल मैदान खुर्सीपार के पास तीन युवक लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज और डिजिटल उपकरण बरामद हुए।

"अन्ना रेड्डी" ऐप से चल रहा था सट्टा कारोबार

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे "अन्ना रेड्डी" नामक ऑनलाइन बेटिंग एप्लीकेशन के जरिए सट्टा संचालन करते थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आईपीएल सीजन के दौरान झारखंड के रांची में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन किया गया था।

ऐसे करते थे खेल

जांच में सामने आया कि आरोपी जरूरतमंद लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। बाद में एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल सिम अपने कब्जे में रख लेते थे। इन खातों को साइबर अपराध की भाषा में "म्युल अकाउंट" कहा जाता है।

इन खातों के जरिए ऑनलाइन सट्टे से आने वाली रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर असली संचालकों की पहचान छिपाई जाती थी। पुलिस अब जब्त डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों के लेनदेन की तकनीकी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी

1. अजय मिश्रा, उम्र 23 वर्ष, निवासी सेक्टर-01, एवेन्यू सी, भिलाई, जिला दुर्ग।

2. दीपक कुमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नगदोई, जिला नालंदा, बिहार।

3. करण कुमार सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी बालाजी नगर, खुर्सीपार, भिलाई, जिला दुर्ग।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

आरोपियों के खिलाफ थाना खुर्सीपार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।