कलेक्टर का सख्त निर्देश: सरकारी अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट और सीटबेल्ट पहनना अनिवार्य

कलेक्टर  का सख्त निर्देश: सरकारी अधिकारी-कर्मचारी हेलमेट और सीटबेल्ट पहनना अनिवार्य

दुर्ग। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश में सभी शासकीय अधिकारी और कर्मचारियों को वाहन चलाते समय हेलमेट और सीटबेल्ट अनिवार्य रूप से पहनने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी निर्देश में साफ कहा गया है कि लगातार यातायात जागरूकता अभियान चलने के बावजूद कई अधिकारी-कर्मचारी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। खास तौर पर कार्यालय आने-जाने के दौरान बिना हेलमेट और सीटबेल्ट के वाहन चलाना सामने आया है, जिसे प्रशासन ने गंभीर लापरवाही माना है।

कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा जारी इस आदेश में सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को नियमों का पालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही स्वयं भी इसका पालन करें।

प्रशासन ने इसे केवल नियम नहीं, बल्कि व्यक्तिगत सुरक्षा का मुद्दा बताया है। आदेश की प्रति पुलिस अधीक्षक और जनसंपर्क विभाग को भी भेजी गई है, ताकि इसकी जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचे और जागरूकता बढ़े।