अवैध जर्दा युक्त पान मसाला फैक्ट्री सील, 3.18 लाख का माल जब्त

अवैध जर्दा युक्त पान मसाला फैक्ट्री सील, 3.18 लाख का माल जब्त

दुर्ग। जिले के अहिवारा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जर्दा युक्त पान मसाला फैक्ट्री पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मौके पर छापा मारकर फैक्ट्री को सील कर दिया और बड़ी मात्रा में तैयार माल जब्त किया।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, नियंत्रक के निर्देश और उपसंचालक डॉ. मनोज दानी व अभिहीत अधिकारी जितेन्द्र कुमार नेले के मार्गदर्शन में टीम ने अहिवारा क्षेत्र में निरीक्षण किया। जांच के दौरान सूचना मिली कि ग्राम भिरेभाठ, थाना नंदिनी क्षेत्र में अवैध रूप से जर्दा युक्त पान मसाला बनाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची, जहां “मुसाफिर” ब्रांड नाम से स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पान मसाला तैयार किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान 51 कट्टी पान मसाला जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 18 हजार 240 रुपये बताई गई है।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ में निर्माणकर्ता की जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद अभिहीत अधिकारी के निर्देश पर एरिया अधिकारी द्वारा फैक्ट्री को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।