मीडिया कर्मियों से मारपीट मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद। गरियाबंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्रकारों पर हुए हमले के मामले में चार आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। इस हिंसक हमले में पत्रकार नेमीचंद बंजारे, जितेन्द्र सिन्हा, शेख इमरान, थानेश्वर बंजारे और आदी चक्रधारी के साथ मारपीट की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी राजिम को तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान आरोपियों के रायपुर की ओर भागने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। पुलिस द्वारा इन आरोपियों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जा रही है। वहीं जिला प्रशासन ने अवैध रेत परिवहन में संलग्न चैन माउंटेन व हाईवा वाहनों को जब्त किया है।
इससे पहले पत्रकारों ने सुंदर लाल शर्मा चौक पर धरना देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और खनिज अधिकारियों की मिलीभगत की जांच की मांग की थी। कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी सोशल मीडिया पर खनिज अधिकारी पर मिलीभगत का गंभीर आरोप लगाते हुए सवाल उठाए थे। पितईबंद के अलावा राजिम में चौबेबंधा, बकली, रावण, तर्रा, कोपरा में अवैध डंप समेत 10 से ज्यादा खदान अवैध रूप से संचालित हैं। रोजाना शाम ढलते ही हाईवा जिले में प्रवेश करती है। रात 8 बजे तक घाटों में खनन शुरू हो जाता है। एक-एक घाट में 5 से 6 फोकलेंड मशीनें लगी होती हैं। तड़के 4 बजे तक अवैध खनन चलता रहता है। गरियाबंद का रेत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव जैसे जिलों में सप्लाई होता है। रोज माफिया लाखों कमा रहे हैं, जिसका 40 फीसदी हिस्सा जिम्मेदारों को कमीशन के तौर पर जाता है।
गिरफ्तार आरोपी
- उत्तम भारती (22 वर्ष), पिता स्व. आशाराम भारती
- मयंक सोनवानी (19 वर्ष), पिता स्व. देवनाथ सोनवानी
- चंद्रभान बंजारे उर्फ भानु (27 वर्ष), निवासी पितईबंद, राजिम
- शशांक गरड़ उर्फ शानु रॉव (23 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा, रायपुर