आत्महत्या मामले में वन विभाग के दो अधिकारी सस्पेंड 

आत्महत्या मामले में वन विभाग के दो अधिकारी सस्पेंड 

कवर्धा। कैबिनेट मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर के निर्देश पर पंडरिया विकासखंड के ग्राम कमराखोल (गर्राकोना) निवासी स्व. बुधराम बैगा के आत्महत्या प्रकरण में आरोपियों पर बड़ी कार्यवाही की गई है। मण्डल प्रबंधक छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम कवर्धा परियोजना मंडल के आदेश द्वारा सहायक परियोजना क्षेत्रपाल अनिल कुमार कुर्रे तथा सहायक परियोजना क्षेत्रपाल प्रवीण सिंह परिहार को थाना कुकदूर में पंजीबंद्ध अपराध प्रकरण में गिरफ्तार किए जाने से उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कवर्धा परियोजना मंडल कवर्धा किया गया है। इसी प्रकार क्षेत्रीय महाप्रबंधक रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड के आदेश द्वारा सहायक परियोजना क्षेत्रपाल एवं क्षेत्ररक्षक का स्थानांतरण कर दिया गया है। पंडरिया वृत्त कवर्धा परियोजना मंडल में पदस्थ सहायक परियोजना क्षेत्रपाल, रंजीत कुमार पटेल का सहायक परियोजना क्षेत्रपाल मुरूमडीह वृत्त, बार नवापारा परियोजना मंडल रायपुर स्थानांतरण किया गया। इसी प्रकार मुरूमडीह वृत्त बार नवापारा परियोजना मंडल रायपुर में पदस्थ सहायक परियोजना क्षेत्रपाल श्री देवनारायण साहू को पंडरिया वृत्त, कवर्धा परियोजना मंडल कवर्धा, में पदस्थ किया गया है। गांगपुर बीट कवर्धा परियोजना मंडल में पदस्थ क्षेत्ररक्षक अरूण कुमार सिंह को कराठी डिपो अंतागढ़, परियोजना मंडल भानुप्रतापपुर और प्रशिक्षण से वापसी उपरांत अंतागढ़ परियोजना मंडल भानुप्रतापपुर में पदस्थ किया गया है। विनायक मानव मरावी का अंतागढ़ परियोजना मंडल, भानुप्रतापपुर से स्थानांतरण गांगपुर बीट कवर्धा परियोजना मंडल कवर्धा में किया गया है।