देश में 22 जगहों पर CBI-ED की रेड, बिहार से झारखंड तक ताबड़तोड़ छापे

देश में 22 जगहों पर CBI-ED की रेड, बिहार से झारखंड तक ताबड़तोड़ छापे

नई दिल्ली।  बिहार से लेकर झारखंड तक केंद्रीय एजेंसियों ने बुधवार सुबह ही ताबड़तोड़ छापेमारी की है। सीबीआई ने रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाले में पटना में आरजेडी के एमएलसी सुनील सिंह के घर पर छापेमारी की है। सुनील सिंह को लालू प्रसाद यादव के करीबी नेताओं में शुमार किया जाता है। यह ऐक्शन ऐसे वक्त में हुआ है, जब विधानसभा में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव की सरकार फ्लोर टेस्ट साबित करने वाली है। आरजेडी के सांसद अशफाक करीब के घर पर भी छापेमारी की गई है। कहा यह भी जा रहा है कि सीबीआई ने राजद सांसद फैयाज अहमद और पूर्व एमएलसी सुबोध राय के आवास पर भी रेड की है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

CBI और ED की टीमें बुधवार को देश में 22 ठिकानों पर छापे मार रही है। CBI की टीमों ने बिहार में राजद के 5 नेताओं के घर छापा मारा। यह मामला जमीन के बदले रेलवे में रोजगार घोटाले से जुड़ा है। राजद ने बिहार में फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले पड़े इन छापों पर सवाल उठाया है। उधर, ED ने खनन घोटाले में एक्शन लिया है। झारखंड में रांची, दिल्ली और तमिलनाडु में 17 जगहों पर ED की रेड जारी है। झारखंड के CM हेमंत सोरेन के करीबी रहे प्रेम प्रकाश के रांची स्थित ठिकानों पर ED छानबीन कर रही है।