विंध्याचल गोलीकांड में बिहार का पूर्व बाहुबली विधायक सुनील पांडेय गिरफ्तार

विंध्याचल गोलीकांड में बिहार का पूर्व बाहुबली विधायक सुनील पांडेय गिरफ्तार

मिर्जापुर। मिर्जापुर में विंध्याचल की अष्टभुजा पहाड़ियों पर हुए गोलीकांड में बिहार के पूर्व बाहुबली विधायक नरेंद्र उर्फ सुनील पांडेय को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके ऊपर साजिश रचने और आरोपियों को शरण देने का आरोप है। इस मामले में छह आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है लेकिन असलहे की बरामदगी नहीं हो सकी है।

विंध्याचल क्षेत्र में 14 अगस्त को अष्टभुजा पहाड़ी पर दर्शन-पूजन के लिए रोहतास (बिहार) से कुछ लोग आए थे। दर्शन-पूजन के बाद वे लोग सीताकुंड के पास भोजन बना रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर बिहार से ही पहुंचे लोगों से विवाद हो गया। एक पक्ष ने गोली चला दी। गोली रोहतास निवासी 60 वर्षीय कन्हैया प्रसाद के पेट में लगी। वह बुरी तरह घायल हो गए और बीएचयू में दम तोड़ दिया। घटना के बाद छह आरोपियों को चार पहिया वाहन से भागते समय चील्ह क्षेत्र के प्रजापतिपुर गांव के पास गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी संतोष कुमार मिश्र ने विंध्याचल कोतवाल विनीत राय को अष्टभुजा गोलीकांड में शामिल अन्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। गुरुवार को मुखबिर ने पुलिस को बताया कि गोलीकांड के आरोपियों को शरण देने व साजिश रचने वाला बिहार का पूर्व बाहुबली विधायक नरेंद्र उर्फ सुनील पांडेय विंध्याचल में मौजूद है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे विंध्याचल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नरेंद्र पांडेय भोजपुर के पीरो-तरारी सीट से चार बार चुनाव जीत चुका है। फिलहाल वह रोहतास में कारकास क्षेत्र के नवाडीह गांव में रहता है। गोलीकांड में फरार आरोपियों की तलाश में विंध्याचल पुलिस बिहार गई थी। उस समय एक भी आरोपी हाथ नहीं लगा। तीन आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस अब तक गोलीकांड में पूर्व विधायक समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।