बेटी ने हीरे की अंगूठी देकर कराया बाप का मर्डर

बचपन के प्यार में रुकावट पर पूर्व विधायक कन्हैया सिंह को खौफनाक सजा

  बेटी ने हीरे की अंगूठी देकर कराया बाप का मर्डर

जमशेदपुर(एजेंसी)। जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर थाना क्षेत्र के हरिओम नगर निवासी पूर्व विधायक अरविंद सिंह के साले कन्हैया सिंह की हत्या सगी बेटी अपर्णा सिंह ने ही करायी थी। प्रेम में बाधा बने पिता को हटाने के लिए अपर्णा ने सुपारी में अपनी हीरे की अंगूठी दे डाली थी। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल अपर्णा सिंह, उसके ब्वॉयफ्रेंड राजवीर सिंह और सरायकेला-खरसावां जिला कांग्रेस के अध्यक्ष छोटराय किस्कू के नाबालिग पुत्र तथा शूटर निखिल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
शुक्रवार को आदित्यपुर आॅटो क्लस्टर में हत्याकांड का खुलासा करते हुए सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी आनंद प्रकाश ने बताया कि मृतक की पुत्री अपर्णा से राजवीर सिंह नामक लड़के का पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका विरोध कन्हैया सिंह लगातार कर रहे थे। कन्हैया सिंह अपर्णा को डांट-डपट भी करते थे और राजवीर सिंह व उसके परिवार को धमकी दी गयी थी। लेकिन, लड़की ने राजवीर से प्रेम प्रसंग जारी रखा। इसके बाद पुन: कन्हैया सिंह ने राजवीर को अपने कार्यालय में बुलाकर कनपटी पर पिस्टल सटा धमकी देने के साथ-साथ मारपीट की थी। राजवीर के घर वालों को भी कन्हैया सिंह ने जलील किया था। कन्हैया सिंह की हत्या के लिए ब्वॉयफ्रेंड राजवीर सिंह ने शूटर निखिल गुप्ता को रुपए 5000 नकद, एक बोतल शराब और एक हीरे की अंगूठी दी। यह हीरे की अंगूठी मृतक कन्हैया सिंह की पुत्री अपर्णा ने अपने ब्वॉयफ्रेंड राजवीर को दी थी। कन्हैया सिंह की हत्या के उपरांत राजवीर सिंह शहर से फरार हो गया था। वह कोलकाता के फार्म हाउस में रह रहा था। जबकि निखिल गुप्ता अपने पुस्तैनी गांव बक्सर चला गया था। लेकिन जब उसका नाम नहीं आ रहा था तो उसे लगा कि अब वह बच जाएगा। लेकिन पुलिस उसे ट्रेस कर रही थी। इसी बीच व आदित्यपुर आ गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।