मुंबई में अलर्ट, हिमाचल और उत्तराखंड में चेतावनी; दुर्ग जिले में अब तक हुई 140.2 मिमी औसत वर्षा 

मुंबई में अलर्ट, हिमाचल और उत्तराखंड में चेतावनी; दुर्ग जिले में अब तक हुई 140.2 मिमी औसत वर्षा 

नई दिल्ली (एजेंसी)। देश भर के ज्यादातर हिस्से में आज भारी बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र, यूपी, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान समेत देश के कुल 24 राज्यों में आज अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बारिश में आपदा का शिकार हुए हिमाचल प्रदेश के अलावा उत्तराखंड में भी चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में तो बीते दो दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई है। इस तरह मॉनसून की बारिश में 24 जून से अब तक 15 लोगों की मौत हुई है। भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं से 5 घर पूरी तरह बर्बाद हो गए, जबकि 34 घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अब तक  140.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
बता दें कि मॉनसून इस साल थोड़ा लेट आया है। केरल के तट पर आमतौर पर 1 जून को ही मॉनसून पहुंच जाता है, लेकिन इस बार 8 तारीख को यह पहुंचा। यही नहीं इसके बाद इसकी रफ्तार भी कम रही क्योंकि बिपरजॉय चक्रवात सक्रिय हो गया था। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून में देरी से खेती को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। चिंता की बात यह है कि बारिश अलग-अलग इलाकों में असमान तौर पर हो रही है। असम, राजस्थान जैसे इलाकों में इतनी बारिश हो रही है कि कई जिलों में भारी बाढ़ के हालात हैं। असम के ही बारपेटा जिले के 93 गांवों में 67 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य में बीते दो दिनों में 3 बच्चे समेत 6 लोगों की मौत हो गई है। 
जिले में अब तक 140.2 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 1 जून से 28 जून तक 140.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। कार्यालय कलेक्टर भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 जून से अब तक सार्वाधिक वर्षा 243.6 मिमी पाटन तहसील में तथा न्यूनतम 46.0 मिमी. बोरी तहसील में दर्ज की गई है। इसके अलावा तहसील दुर्ग में 183.3 मिमी, तहसील धमधा में 69.7 मिमी, तहसील भिलाई 3 में 155.0 मिमी और तहसील अहिवारा में 152.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 28 जून को तहसील दुर्ग में 6.0 मिमी, तहसील धमधा में 6.3 मिमी, तहसील पाटन में 19.0 मिमी, तहसील बोरी में 8.0 मिमी, तहसील भिलाई 3 में 12.0 मिमी और तहसील अहिवारा में 13.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।