अंबानी-अडानी को झटका, विश्व के टॉप 10 अरबपतियों की सूची से हुए बाहर

दौलत गंवाने अडानी नंबर वन, चीन का अरबपति दूसरे नंबर पर

अंबानी-अडानी को झटका, विश्व के टॉप 10 अरबपतियों की सूची से हुए बाहर

नई दिल्ली (एजेंसी)। विश्व के अरबपतियों के लिस्ट में अमेरिका का दबदबा है। टॉप-10 बिलेनियर में 8 यूएस के हैं। ये सब के सब 100 बिलियन डॉलर क्लब में पहुंच गए हैं। पहले नंबर पर फ्रांस के बर्नार्ड अर्नाल्ट हैं, जिनकी संपत्ति 204 अरब डॉलर है। 10वें पर कार्लोस स्लिम हैं और इनके पास 94 अरब डॉलर की संपत्ति है। भारतीय अरबपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी इस साल टॉप-10 की लिस्ट से बाहर हैं। वहीं पिछले साल दौलत कमाने में नंबर वन अडानी इस साल गंवाने में नंबर वन हैं। दूसरे नंबर पर चीन के अरबपति झांग यिमिन हैं। अडानी के नेटवर्थ में इस साल अबतक 65.5 अरब डॉलर की सेंध लगी है और ये सबसे बड़े लूजर हैं। झांग ने केवल 12.6 अरब डॉलर की संपत्ति गंवाई है। 
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में आज यानी मंगलवार 16 मई 2023 को रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर फेसबुक सीईओ मार्क जुकरबर्ग से पिछड़ गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में अंबानी 12वें से फिर 13वें पोजीशन पर आ गए हैं। अब उनके पास अब 85.8 अरब डॉलर की संपत्ति है। जबकि, जुकरबर्ग के पास 87.4 अरब डॉलर का नेटवर्थ है। इस साल अमेरिकी अरबपतियों पर लक्ष्मी की कृपा बरस रही है। मार्क जुकरबर्ग इस साल अब तक कमाई में नंबर वन हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति में 41.8 अरब डॉलर जोड़कर बर्नार्ड अर्नाल्ट को पीछे कर दिया है। बर्नार्ड अर्नाल्ट ने इस साल 41.6 अरब डॉलर कमाया है। वहीं, एलन मस्क ने इस साल अब तक 29.3 अरब डॉलर, जेफ बेजोस 28 अरब डॉलर, बिल गेट्स 16.1 अरब डॉलर, वॉेन बफेट 6.53 अरब डॉलर, लैरी एलिशन 17.3 अरब डॉलर, स्टीव बाल्मर 22.1 अरब डॉलर, लैरी पेज 23.2 अरब डॉलर और सर्गी ब्रिन ने 21.4 अरब डॉलर की कमाई की है। वहीं, टॉप-10 में शामिल मेक्सिको के कार्लोस स्लिम ने भी 19.7 अरब डॉलर कमाए हैं।