3500 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था विमान, पैसेंजर को लगी जमीन से मारी गई गोली

3500 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था विमान, पैसेंजर को लगी जमीन से मारी गई गोली

नोपीडाव। म्यांमार में हैरतअंगेज मामला सामने आया है। दरअसल, जमीन से चलाई गोली आसमान में उड़ रहे एक विमान के पैसेंजर को जा लगी। इससे यात्री घायल हो गया। म्यांमार नेशनल एयरलाइंस का विमान 63 यात्रियों को ले जा रहा था, जो पूर्वी राज्य काया की राजधानी लोइकाव में उतरने वाला था। हैरान करने वाली तस्वीरों में विमान में गोली का छेद दिखाई दे रहा है और एक पुरुष यात्री खून से लथपथ अपनी सीट पर बैठा है। उसने अपने कानों में टिश्यू लगा रखा है, ताकि खून को रोका जा सके।

विमान के निचले हिस्से में गोली तब लगी, जब वह 3500 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। लोइकाव में म्यांमार नेशनल एयरलाइंस के कार्यालय ने कहा कि शहर के लिए सभी उड़ानें अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दी गई हैं। वहीं, म्यांमार की सैन्य सरकार ने विद्रोही बलों पर विमान पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। हालांकि विद्रोही समूहों ने आरोपों से इनकार किया। म्यांमार की सत्तारूढ़ सैन्य परिषद के प्रवक्ता मेजर जनरल ज़ॉ मिन टुन ने स्टेट टीवी को बताया, "मैं कहना चाहता हूं कि यात्री विमान पर इस तरह का हमला युद्ध अपराध है।''