भिलाई: पूर्व पार्षद और उसके गुंडों ने रिटायर्ड फौजी को मारा चाकू, आरोपियों की तलाश में जुटी उतई पुलिस

भिलाई: पूर्व पार्षद और उसके गुंडों ने रिटायर्ड फौजी को मारा चाकू, आरोपियों की तलाश में जुटी उतई पुलिस

भिलाई। दशहरा कार्यक्रम के आयोजन को लेकर हुए बैठक के दौरान  रिटायर्ड फौजी और पूर्व पार्षद के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पूर्व पार्षद और उसके साथियों ने फौजी के पेट में चाकू घोप दिया। बताया जाता है कि बैठक के दौरान फौजी द्वारा सट्टा खिलाने का मुद्दा उठाने पर यह विवाद हुआ। घायल फौजी का उपचार सेक्टर-9 अस्पताल में चल रहा है और स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामला उतई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक डूंडेरा गांव में दशहरा कार्यक्रम के लिए शुक्रवार शाम बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में गांव का सेवानिवृत्त फौजी टीकम साहू (39 वर्ष) भी पहुंचा था। उसने गांव के लोगों से कहा कि गांव में जुआ सट्टा का कारोबार काफी बढ़ गया है। इस पर रोक लगाई जानी चाहिए। यह सुनते ही वहां बैठा पूर्व पार्षद संजू साहू नाराज हो गया। बैठक समाप्त होने के बाद जब टीकम साहू अपने घर जा रहे था तो संजू साहू अपने गुंडों के साथ पहुंचा। प्राथमिक शाला के पास रास्ते में रोक कर उसने टीकम के पेट में चाकू से 6-7 वार किए। इससे टीकम लहूलुहान होकर गिर गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। गांव के लोगों ने तुरंत टीकम को इलाज के लिए सेक्टर 9 अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।