आतंकी रिंदा पर NIA ने घोषित किया 10 लाख का इनाम, पाकिस्तान में है बैठा

आतंकी रिंदा पर NIA ने घोषित किया 10 लाख का इनाम, पाकिस्तान में है बैठा

चंडीगढ़। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आतंकवादी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पंजाब में बम धमाकों की जांच कर रही एजेंसी ने कहा है कि रिंदा का सुराग देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। इसके लिए मोबाइल नंबर 7743002947, 8585931100 जारी किया गया है। चंडीगढ़ पुलिस ने भी रिंदा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है, जबकि महाराष्ट्र पुलिस ने रिंदा को वांटेड घोषित कर इनाम रखा है। चंडीगढ़ के सेक्टर-38 में रिंदा ने दिनदहाड़े होशियारपुर जिले की एक पंचायत के सरपंच की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा 2016 में छात्रसंघ चुनाव के दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी में सोई के तत्कालीन अध्यक्ष पर भी गोली चलाई थी। साल 2018 में हरविंदर सिंह रिंदा ने पंजाबी गायक परमीश वर्मा पर भी मोहाली के पास हमला करवाया था। यह हमला दिलप्रीत सिंह उर्फ बावा ने अप्रैल 2018 में किया था। दिलप्रीत सिंह इस मामले के बाद चंडीगढ़ से पकड़ा गया था।

नवांशहर में सीआईए पर करवाया था बम धमाका
पंजाब में एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया तो पकड़े गए आरोपियों में से एक ने कबूल किया था कि उसने हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के निर्देश पर अपने अन्य साथियों की मदद से नवांशहर सीआईए कार्यालय पर हथगोला फेंका था। वहीं मोहाली में पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस कार्यालय पर ग्रेनेड से आतंकी हमले में भी रिंदा का नाम सामने आया। 

18 साल की उम्र में कर दी थी रिश्तेदार की हत्या 
दरअसल, हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा पंजाब के तरनतारन का रहने वाला है लेकिन 11 साल की उम्र में वह परिवार के साथ महाराष्ट्र के नांदेड़ साहिब चला गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रिंदा ने 18 साल की उम्र में पारिवारिक विवाद में तरनतारन में अपने एक रिश्तेदार की हत्या कर दी थी। इसके बाद हरविंदर सिंह ने नांदेड़ में जबरन वसूली शुरू कर दी और दो लोगों की हत्या कर दी। यहां उस पर 2016 में दो मामले दर्ज थे और दोनों में उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। 

पंजाब पुलिस को चकमा देकर हो गया था फरार 
2017 में पंजाब पुलिस के हाथ इनपुट लगा था कि रिंदा बेंगलुरु में है। वह अपनी पत्नी के साथ एक होटल में ठहरा है। पंजाब पुलिस ने बेंगलुरु के होटल में छापा मारा लेकिन रिंदा होटल के कमरे की खिड़की से निकलकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने रिंदा की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। 

महाराष्ट्र में रिंदा समेत पांच हैं वांटेड 
महाराष्ट्र की नांदेड पुलिस ने रिंदा समेत पांच लोगों को वांटेड घोषित कर रखा है। इनमें रिंदा के साथी राजबीर सिंह रागरा, हरजिंदर सिंह उर्फ आकाश, चरण सिंह संधू और सरबजीत सिंह उर्फ कित्ता संधू शामिल हैं।