घर लौट रहे युवक पर चाकू से हमला

गंभीर अवस्था में सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती युवक

घर लौट रहे युवक पर चाकू से हमला

भिलाई। घर लौट रहे 10वीं के छात्र पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। उन्होंने उससे पैसे मांगे, नहीं देने पर चाकू मार दिया। इससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भिलाई नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 307,34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

भिलाई नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 17 वर्षीय मुतजर जान जिलेडिन एक्का कक्षा 10वीं का छात्र है। वह जैन मंदिर के पास रुआबांधा बस्ती में रहता है। उसने पुलिस को दिए कथन में बताया कि 15 मई की रात वह अपने दोस्त चिक्की के घर के कार्यक्रम में शामिल होने इस्पात क्लब सेक्टर 7 गया था। वहां से देर रात 11 बजे स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह जैन मंदिर रुआबांधा के पास पहुंचा था कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। उसने देखा कि रुकवाने वाले लोग रुआबांधा निवासी उल्ली, सिद्धांत और कुमार उसके साथी हैं।

मुतजर उन्हें जानता था इसलिए वह रुक गया। उसके रुकते ही उन लोगों ने उसे घर लिया और सभी लोग उससे पैसा मांगने लगे। जब उसने पैसा देने से मना कर दिया तो उन लोगों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से मुतजर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। कुछ लोगों ने उसे घायल देखा तो उसके बाद उसके परिजनों को फोन किया और गंभीर हालत में सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंचाया। खबर लिखे जाने तक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।