निगम के अधिकारियों पर हो कड़ी कार्यवाही, डायरिया से मौत को लेकर भाजपा नेता ने बोला हमला

शास्त्री अस्पताल में जाकर पीड़ितों से की मुलाकात

निगम के अधिकारियों पर हो कड़ी कार्यवाही, डायरिया से मौत को लेकर भाजपा नेता ने बोला हमला

भिलाई। केम्प क्षेत्र में डायरिया फैलने से हुई दो लोगों की मौत को लेकर भाजपा नेता शारदा गुप्ता ने नगर निगम प्रशासन और वहां के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस मामले में निगम के अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। श्री गुप्ता ने सुपेला के शास्त्री अस्पताल जाकर उपचारार्थ भर्ती डायरिया से पीड़ित मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
           केम्प क्षेत्र में डायरिया फैलने से दो लोगों की मौत और अनेक पीड़ितों के विभिन्न अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही भाजपा नेता शारदा गुप्ता ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इसके साथ ही उन्होंने सुपेला के शास्त्री अस्पताल पहुंचकर वहां उपचार के लिए भर्ती पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान युवा जागृति संघ के अध्यक्ष मदन सेन, अमोल साहू, जुनैद खान भी उनके साथ थे।  डायरिया से पीड़ित मरीज और उनके परिजनों ने बताया कि जलापूर्ति वाले पाइप लाइन गंदे पानी के निकासी वाले नाली अंदर से गुजरे हुए हैं। इस वजह से नल में पानी के साथ जोंक और छोटे छोटे कीड़े आ रहे हैं। इस ओर निगम के अधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराया गया, लेकिन इस बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
           भाजपा नेता शारदा गुप्ता ने कहा कि केम्प क्षेत्र के वार्ड 31 और 32 में डायरिया फैलना नगर निगम की अकर्मण्यता को साबित करता है। लोगों से चर्चा में पता चला है कि इस इलाके में गंदे पानी की सप्लाई होने की शिकायत स्थानीय नागरिक पिछले कईं दिनों से कर रहे थे। समय रहते निगम के आयुक्त, महापौर और अन्य जिम्मेदार अधिकारी गंदे पानी की सप्लाई के कारण का पता लगाकर उसे ठीक कर देते तो आज ऐसी विकराल स्थिति का सामना करना नहीं पड़ता। केम्प क्षेत्र में डायरिया फैलने के लिए पूरी तरह से निगम के अधिकारी जिम्मेदार हैं। महापौर और उनके परिषद के सदस्यों की भी लापरवाही सही तरीके से अपनी जिम्मेदारी के निर्वहन में उजागर हुई है। इस लापरवाही के कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिए।