मोबाइल पर बातचीत के विवाद में घर में घुसकर परिवार पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
धमतरी के करेलीबड़ी क्षेत्र में मोबाइल पर बातचीत और मैसेज करने के विवाद में घर में घुसकर परिवार से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो डंडे और एक छाता जब्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

धमतरी। करेलीबड़ी चौकी क्षेत्र के ग्राम धौराभाटा में मोबाइल पर बातचीत और मैसेज करने के विवाद को लेकर एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों और छाता से मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे और एक छाता भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम धौराभाटा निवासी नारद लहरे, उम्र 46 वर्ष ने करेलीबड़ी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 22 अगस्त 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के पूरन महिलांगे, टोमन महिलांगे और दाऊ लाल महिलांगे कथित तौर पर एक राय होकर लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए।
शिकायत में बताया गया कि आरोपियों ने प्रार्थी के पुत्र द्वारा मोबाइल पर बातचीत और मैसेज करने की बात को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद प्रार्थी, उनके पुत्रों और पत्नी के साथ लाठी-डंडों तथा छाता से मारपीट की गई। घटना में नारद लहरे के सिर में चोट आने की बात पुलिस को दी गई शिकायत में कही गई है।
मामले की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड की चौकी करेलीबड़ी में अपराध क्रमांक 150/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो लकड़ी के डंडे और एक छाता गवाहों के समक्ष जब्त किया। अपराध में संलिप्तता पाए जाने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पूरन महिलांगे, उम्र 29 वर्ष, टोमन महिलांगे, उम्र 24 वर्ष और दाऊ लाल महिलांगे, उम्र 60 वर्ष, सभी निवासी ग्राम धौराभाटा, वार्ड क्रमांक 04, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी शामिल हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में करेलीबड़ी पुलिस द्वारा की गई।