शिवनाथ नदी में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव, SDRF ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन

दुर्ग के जेवरा सिरसा-भटगांव क्षेत्र में शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान डूबे 25 वर्षीय पवन कुमार ठाकुर का शव तीसरे दिन SDRF टीम ने बरामद किया। तीन दिनों तक मोटर बोट और डीप डाइविंग उपकरणों से तलाशी अभियान चलाया गया।

शिवनाथ नदी में डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव, SDRF ने चलाया सघन सर्च ऑपरेशन

दुर्ग। जेवरा सिरसा के भटगांव क्षेत्र में शिवनाथ नदी में डूबे युवक का शव तीसरे दिन सघन तलाशी अभियान के बाद SDRF दुर्ग की टीम ने बरामद कर लिया। युवक 20 सितंबर को मछली पकड़ने के दौरान अचानक नदी के गहरे पानी में समा गया था। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की प्रशिक्षित टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और लगातार तीन दिनों तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया।

जानकारी के अनुसार 20 सितंबर 2026 को जेवरा सिरसा-भटगांव क्षेत्र में शिवनाथ नदी में एक युवक मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन के समन्वय से जिला सेनानी, दुर्ग द्वारा SDRF की रेस्क्यू टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची SDRF टीम ने मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक की मदद से नदी में तलाश शुरू की। नदी के गहरे जलक्षेत्र और तेज बहाव के बीच टीम ने लगातार तीन दिनों तक सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

तलाशी अभियान के दौरान नदी के जलस्तर और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद SDRF के प्रशिक्षित गोताखोरों ने लगातार अभियान जारी रखा। 22 सितंबर को अभियान के तीसरे दिन SDRF टीम ने ग्राम डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी से युवक का पार्थिव शरीर बरामद कर लिया। इसके बाद शव को आवश्यक वैधानिक और पंचनामा कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस तथा परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान पवन कुमार ठाकुर, पिता अनिल कुमार ठाकुर, उम्र 25 वर्ष, निवासी घासीदास नगर, वार्ड नंबर 23, जामुल के रूप में हुई है। SDRF दुर्ग की टीम द्वारा तीन दिनों तक चलाए गए इस सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव बरामद किया गया।