सेल्फ ड्राइव कार हादसे का हर्जाना मांगकर युवकों को अगवा कर पीटा, 2 गिरफ्तार, 4 लक्जरी कार जब्त

सेल्फ ड्राइव कार हादसे का हर्जाना मांगकर युवकों को अगवा कर पीटा, 2 गिरफ्तार, 4 लक्जरी कार जब्त

दुर्ग। सेल्फ ड्राइव पर किराये से ली गई स्कोडा रेपिड कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दो लाख रुपये हर्जाने की मांग करते हुए युवकों को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पदमनाभपुर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से डिजायर, ओडी, स्कोडा रेपिड और एक्सयूवी-500 सहित चार वाहन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार कर्मचारी नगर, दुर्ग स्थित सेल्फ ड्राइव टूर एंड ट्रेवल्स से करीब एक माह पहले प्रार्थिया के वयस्क बेटे और उसके साथियों ने एक कार किराये पर ली थी। इस दौरान स्कोडा रेपिड वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

आरोप है कि 6 अगस्त को ऋषि बघेल उर्फ राज अपने साथी प्रियांशु मंडल के साथ एक्सयूवी-500 में बोरसी सोसायटी चौक, महावीर ग्राउंड के पास पहुंचा। दोनों ने संबंधित युवकों को कथित तौर पर जबरन वाहन में बैठाया और अंगोरा स्थित एक मार्ट के सामने ले गए। वहां स्कोडा रेपिड की मरम्मत के हर्जाने के रूप में दो लाख रुपये की मांग करते हुए युवकों से मारपीट की गई।

मामले में 7 अगस्त को शिकायत मिलने के बाद पदमनाभपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 460/2026 के तहत धारा 137(2), 115(2), 110, 125, 3(5) बीएनएस तथा धारा 5/181, 180, 192(2) मोटरयान अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और 11 अगस्त को ऋषि बघेल उर्फ राज (24), निवासी कर्मचारी नगर, दुर्ग और प्रियांशु मंडल (20), निवासी ग्राम फुलझर, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने मामले में डिजायर CG 10 AX 3249, ओडी CG 04 DQ 1000, स्कोडा रेपिड CG 13 U 2251 और एक्सयूवी-500 CG 12 C 3930 जब्त किए हैं। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।